मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक चलेगा विशेष निरीक्षण अभियान। उद्देश्य—शिक्षा व्यवस्था में सुधार, छात्र समस्याओं का त्वरित समाधान और योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग।
रीवा | मध्यप्रदेश शासन के मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026 के तहत रीवा सहित प्रदेश के सभी शासकीय महाविद्यालयों और छात्रावासों में अब प्रत्येक शुक्रवार नियमित निरीक्षण किया जाएगा। इस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।यह अभियान 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक संचालित होगा। इसका मुख्य उद्देश्य शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की निगरानी, विद्यार्थियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार तथा छात्रावासों की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना है।जिला स्तर पर महाविद्यालयों एवं छात्रावासों का निरीक्षण संबंधित प्राचार्य करेंगे, जबकि संभाग स्तर पर अतिरिक्त संचालक और राज्य स्तर पर उच्च शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी निरीक्षण करेंगे।उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुसार निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं का समाधान अधिकतम पाँच दिनों के भीतर किया जाएगा। यदि किसी मामले का स्थानीय स्तर पर समाधान संभव नहीं होता है, तो उसे दो दिनों के भीतर कारण सहित उच्च स्तर पर भेजा जाएगा ताकि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।विभाग ने स्पष्ट किया है कि पूरे अभियान की सतत मॉनिटरिंग आयुक्त, उच्च शिक्षा कार्यालय द्वारा की जाएगी। इस पहल से विद्यार्थियों की शिकायतों के त्वरित निराकरण, शिक्षण व्यवस्था में सुधार तथा शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद जताई गई है।

