Rewa-Sidhi Highway Accident: रीवा-सीधी मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि करीब 23 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
घटना के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता तथा गंभीर रूप से घायल लोगों के उपचार के लिए सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। शासन की ओर से मृतकों के आश्रित परिवारों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को 1-1 लाख रुपये की सहायता देने की बात कही गई है।
सीएम ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए प्रशासन को उपचार एवं राहत कार्यों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बस और बल्कर की भिड़ंत के बाद तालाब में गिरी बस
जानकारी के मुताबिक, रीवा से यात्रियों को लेकर पवन ट्रेवल्स की बस बघोर की ओर जा रही थी। बुधवार शाम लगभग 5 बजे बस जब बदवार बस स्टैंड के आसपास पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज गति के बल्कर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। दुर्घटना के बाद बल्कर भी नियंत्रण खोकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, एक की उपचार के दौरान मौत
दुर्घटना में चार यात्रियों की घटनास्थल पर ही मृत्यु होने की जानकारी सामने आई है। वहीं गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई।
घटना में घायल 23 लोगों को एंबुलेंस के माध्यम से रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय (SGMH) पहुंचाया गया। इनमें से तीन घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है और उनका ICU में उपचार जारी है।
पुलिस-प्रशासन ने संभाला मोर्चा
हादसे की खबर मिलते ही पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों और राहत दल की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन से यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। फिलहाल पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
नेताओं ने भी जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के माध्यम से शोक संवेदना व्यक्त की है।
Rewa Times Now |
जिद है सच दिखाने की

