Rewa Times Now : – रीवा के संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात बच्चे की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर परिजनों का विरोध जारी है। कल्पना के पिता रामशिरोमणि मिश्रा शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन आमरण अनशन पर बैठे रहे।
इसी दौरान मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने रामशिरोमणि मिश्रा से मुलाकात कर घटना से जुड़ी पूरी जानकारी ली और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना।
बेटी और नवजात की मौत की घटना बताते हुए रामशिरोमणि मिश्रा भावुक हो गए। उन्होंने उपमुख्यमंत्री के सामने अस्पताल में उपचार के दौरान हुई घटनाओं का सिलसिलेवार ब्यौरा रखा। इस दौरान वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और रो पड़े। उन्होंने मामले में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध FIR दर्ज करने के साथ निष्पक्ष जांच की मांग रखी।
कलेक्टर ने दिए मजिस्ट्रेटियल जांच के निर्देश
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए रीवा कलेक्टर को मजिस्ट्रेटियल जांच कराने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने औपचारिक रूप से जांच के आदेश जारी कर दिए।
जांच की जिम्मेदारी सिरमौर SDM दृष्टि जायसवाल को सौंपी गई है। उन्हें पूरे प्रकरण की जांच कर निर्धारित अवधि यानी 30 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दो डॉक्टरों और नर्सों पर पहले ही कार्रवाई
प्रशासन के अनुसार, शुरुआती जांच में लापरवाही के लिए दो डॉक्टरों और संबंधित नर्सिंग स्टाफ के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है।
उपमुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि मजिस्ट्रेटियल जांच के दौरान यदि किसी अन्य अधिकारी, चिकित्सक या कर्मचारी की भूमिका भी सामने आती है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

