शहडोल। विश्व आदिवासी दिवस एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में मानव सेवा और सामाजिक सरोकार की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। मेडिकल एंड हेल्थ नर्सिंग एसोसिएशन तथा मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ, शहडोल के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह शिविर बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय स्थित ब्लड सेंटर में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान 70 से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। समाचार लिखे जाने तक रक्तदाताओं के पहुंचने का क्रम जारी था। मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के चिकित्सकों, अधिकारियों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल कर्मचारियों और अन्य स्टाफ के साथ सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान में हिस्सा लिया।Homepage
कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. गिरीश बी. रामटेक, अस्पताल अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह, उप अस्पताल अधीक्षक डॉ. विक्रांत कबीरपंथी, अस्पताल प्रबंधक साबिर खान सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। ब्लड सेंटर की टीम ने रक्त संग्रहण की पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराया।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। दुर्घटना, गंभीर बीमारी, प्रसव अथवा अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ने पर स्वैच्छिक रक्तदाताओं का योगदान मरीजों के लिए जीवनदायी बनता है।
शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों ने भी समाज के अन्य लोगों से आगे आकर नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक ऐसा मानवीय कार्य है, जिसके माध्यम से बिना किसी स्वार्थ के किसी जरूरतमंद की मदद की जा सकती है।
आयोजक संस्थाओं ने शिविर को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, नर्सिंग अधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, कर्मचारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी जनसेवा और सामाजिक हित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

