रीवा। प्रदेश में लगातार हुई बारिश और अतिवृष्टि के कारण प्रभावित रीवा एवं शहडोल संभाग के हालात को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार शाम रीवा पहुंचकर अधिकारियों के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविरों की व्यवस्थाएं बेहतर रखी जाएं और प्रभावित लोगों को भोजन, स्वच्छ पेयजल तथा आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि जिन गांवों और नगरीय क्षेत्र के वार्डों में बाढ़ का असर हुआ है, वहां विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि बाढ़ के कारण जिन परिवारों के घर, खाद्य सामग्री अथवा अन्य आवश्यक सामान को नुकसान पहुंचा है, उन्हें आरबीसी-64 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार शीघ्र सहायता उपलब्ध कराई जाए।
डॉ. यादव ने कहा कि सरकार संकट की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। राहत और बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं तथा लोगों के साथ-साथ पशुधन की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
जहां अभी भी पानी भरा हुआ है, वहां राहत शिविरों में पर्याप्त भोजन, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिविरों में स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जिन इलाकों से बाढ़ का पानी निकल चुका है, वहां तत्काल शासकीय अमले को भेजकर प्रभावित परिवारों की स्थिति का जायजा लिया जाए और उन्हें आवश्यक खाद्य सामग्री सहित अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल तथा मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
रीवा टाइम्स नाउ
रीवा की आवाज़, आपके साथ।

